
रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा ने ग्रामीण विकास से जुड़े सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगले आठ महीनों में निर्धारित सभी विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। नवा रायपुर अटल नगर स्थित महानदी भवन में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने प्रदेश के सभी जिला पंचायत सीईओ के साथ वीबी जीरामजी योजना और पंचायत विभाग के कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में श्री शर्मा ने जिला पंचायत सीईओ को नियमित रूप से विकासखंडों का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की निगरानी करने और आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्कूलों में बालिकाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण शौचालयों का निर्माण शीघ्र पूरा करने, मुक्तिधाम निर्माण को प्राथमिकता देने तथा अनुपयोगी बोरवेलों को इंजेक्शन वेल के रूप में विकसित कर जल संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उप मुख्यमंत्री ने वीबी जीरामजी योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, स्थानीय समुदाय की भागीदारी और एसओपी के पालन को अनिवार्य बताते हुए धान खरीदी केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पीएम श्री विद्यालयों, पोटा केबिनों और अन्य स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष व शौचालय निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी निर्माण कार्यों की समयबद्ध जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने तथा गरीब परिवारों के आवास निर्माण में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्ति या अधिकारी के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। साथ ही जिला पंचायत भवनों को सौर ऊर्जा से जोड़ने और उसके रखरखाव के लिए एनआरएलएम की दीदियों को प्रशिक्षित करने पर भी बल दिया।