
रायपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के भोरमदेव अभ्यारण्य में वन महोत्सव के अवसर पर 6 किलोमीटर लंबी भोरमदेव इको ट्रेल का शुभारंभ किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, वन विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों के साथ इको ट्रेल का भ्रमण कर प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता और वन पर्यटन का अनुभव लिया। उन्होंने कहा कि इको-टूरिज्म से पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार और आय के नए अवसर मिलेंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध है और जंगल सफारी के बाद इको ट्रेल शुरू होने से पर्यटकों को जंगल के बीच सुरक्षित और रोमांचक वन भ्रमण का नया अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन के विस्तार से होटल, परिवहन, खान-पान, हस्तशिल्प सहित स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए नेचर गाइड जैसे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। श्री शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत भोरमदेव क्षेत्र के पर्यटन विकास के लिए 146 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से प्रवेश द्वार, संग्रहालय, पार्क, पार्किंग, मेला स्थल, छेरकी महल, मड़वा महल, रामचूंआ और सरोदा बांध सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है।
वन महोत्सव के दौरान उप मुख्यमंत्री ने करियाआमा ग्राम में 51 काला आम के पौधों का रोपण कर काला आम उपवन की स्थापना की। साथ ही 50 हजार सीड बॉल रोपण अभियान और एक लाख पौधों के वितरण अभियान की शुरुआत की तथा बैगा समुदाय के 100 हितग्राहियों को सोलर लालटेन और जैकेट वितरित किए। वन विभाग के अनुसार भोरमदेव इको ट्रेल का संचालन प्रत्येक शनिवार और रविवार को करियाआमा गेट स्थित भोरमदेव इको कैंप से किया जाएगा। प्रशिक्षित नेचर गाइड के साथ पर्यटक जंगल, औषधीय वनस्पतियों, पक्षियों, तितलियों, वन्यजीवों और भोरमदेव मंदिर विरासत परिसर की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए प्रति व्यक्ति 1,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।