रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब की कीमतों को लेकर चल रही अटकलों पर आबकारी विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि वर्तमान में मदिरा की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। शासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार देशी, विदेशी मदिरा एवं बियर पर लागू ड्यूटी दरें अधिकांशतः गतवर्ष के समान ही यथावत रखी गई हैं। केवल चीप रेंज एवं कुछ देशी मदिरा की ड्यूटी दरों में आंशिक संशोधन किया गया है।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मदिरा की फुटकर विक्रय दरों का निर्धारण केवल ड्यूटी दरों के आधार पर नहीं किया जाता, बल्कि इसमें मदिरा की खरीदी दर, सी.व्ही.डी. दर, अधिभार दर तथा अधोसंरचना शुल्क जैसे कई घटक शामिल होते हैं। इन सभी कारकों को ध्यान में रखते हुए ही अंतिम खुदरा मूल्य तय किया जाता है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2026–27 के लिए रेट ऑफर, मदिरा की खरीदी दर, सी.व्ही.डी. दर, अधिभार दर एवं अधोसंरचना शुल्क से संबंधित प्रक्रिया फिलहाल जारी है। ऐसे में अभी यह कहना उचित नहीं होगा कि मदिरा की फुटकर विक्रय दरों में कोई वृद्धि होगी। आबकारी विभाग के इस स्पष्टीकरण के बाद आम उपभोक्ताओं को राहत मिली है और यह स्पष्ट हो गया है कि फिलहाल शराब की कीमतों में बढ़ोतरी का कोई तत्काल निर्णय नहीं लिया गया है।