छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान का खतरा! किसानों की धान फसल पर मंडराया संकट, नुकसान हुआ तो 72 घंटे में देनी होगी सूचना,सरकार ने जारी किया एडवाइजरी -14447 पर करें शिकायत

छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान का खतरा! किसानों की धान फसल पर मंडराया संकट, नुकसान हुआ तो 72 घंटे में देनी होगी सूचना,सरकार ने जारी किया एडवाइजरी -14447 पर करें शिकायत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से मौसम में आए बदलाव और असामयिक बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। धान की कटाई के सीजन में बारिश की आशंका से खेतों में खड़ी फसल के साथ-साथ कटाई के बाद खलिहानों में रखी धान की उपज पर भी नुकसान का खतरा मंडराने लगा है। ऐसे में कृषि विभाग ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी करते हुए फसल की सुरक्षा और बीमा दावा प्रक्रिया को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित फसल को चक्रवाती तूफान, असामयिक बारिश अथवा योजना में अधिसूचित जोखिमों से नुकसान होने पर किसानों को क्षति की सूचना 72 घंटे के भीतर देनी होगी। इसके लिए किसान कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

72 घंटे की समय-सीमा न चूकें किसान

विभाग के अनुसार, फसल को नुकसान होने की स्थिति में निर्धारित समय-सीमा के भीतर सूचना देना बेहद जरूरी है। किसान टोल फ्री नंबर 14447 के अलावा कृषि रक्षक पोर्टल, संबंधित बीमा कंपनी, पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के माध्यम से भी जानकारी दे सकते हैं। शिकायत मिलने के बाद संबंधित बीमा कंपनी निर्धारित प्रक्रिया के तहत 10 दिनों के भीतर प्रभावित फसल का सर्वेक्षण कराएगी। सर्वेक्षण के आधार पर नुकसान का आकलन कर योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्र किसानों के बीमा दावों पर कार्रवाई की जाएगी।

खलिहान में रखी धान को लेकर भी अलर्ट

कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खलिहानों में रखी धान की फसल को तिरपाल अथवा पॉलिथीन से अच्छी तरह ढककर रखें। जहां संभव हो, उपज को ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि बारिश का पानी फसल तक नहीं पहुंचे। खास बात यह है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी गई बीमित फसल को भी निर्धारित शर्तों के तहत बीमा संरक्षण मिलता है। यह सुविधा कटाई के बाद अधिकतम 14 दिनों तक लागू रहती है। इस अवधि में योजना में शामिल अधिसूचित जोखिमों से नुकसान होने पर पात्र किसान बीमा दावा कर सकते हैं।

खेतों में जलभराव होने पर क्या करें?

खेतों में खड़ी फसल में जलभराव होने की स्थिति में योजना के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार नुकसान का आकलन किया जाएगा। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जहां संभव हो, खेतों से पानी निकासी की व्यवस्था करें, ताकि फसल को अतिरिक्त नुकसान से बचाया जा सके।

शिकायत के लिए ये जानकारियां रखें तैयार

फसल नुकसान की सूचना दर्ज कराते समय किसानों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, गांव, तहसील, जिला, खेत का खसरा नंबर, बीमित फसल का नाम, बीमा पॉलिसी नंबर और नुकसान की तारीख जैसी जानकारी उपलब्ध रखनी होगी। इसके अलावा प्रभावित फसल की तस्वीरें और वीडियो भी सुरक्षित रखें। शिकायत दर्ज होने के बाद मिलने वाली संदर्भ संख्या को संभालकर रखें, ताकि आगे शिकायत की स्थिति की जानकारी ली जा सके।

कृषि विभाग की किसानों से अपील

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें और अपनी फसल की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करें। फसल को नुकसान होने पर केवल मौखिक सूचना देकर न रुकें, बल्कि 72 घंटे के भीतर 14447 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा संबंधित पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी जानकारी दें। किसानों के लिए सबसे जरूरी संदेश यही है कि बारिश या चक्रवाती तूफान से बीमित फसल को नुकसान होने पर 72 घंटे की समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि समय पर शिकायत दर्ज कराना बीमा दावा प्रक्रिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *