
रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा गया है। इनमें राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में प्रथम और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी कार्यक्षमता का लोहा मनवाया। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने राज्य स्तरीय दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।
डिजिटल अडॉप्शन में बड़े बचेली देश में अव्वल
स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 की डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने शानदार प्रदर्शन किया। एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा दूसरे स्थान पर रही। वहीं, एक लाख से 10 लाख जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में नगर पालिक निगम बिलासपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया। यह सम्मान पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेनदेन से जोड़ने, उन्हें संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने और स्वरोजगार के माध्यम से उनकी आजीविका को मजबूत बनाने के प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया प्रदेश के लिए गौरव का विषय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में प्रथम और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त करना राज्य में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नवाचारों का परिणाम है। सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और छोटे कारोबारियों को सम्मानजनक आजीविका के अवसर मिलें।
अरुण साव बोले- नगरीय निकायों के समर्पित प्रयासों का परिणाम
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार और बिलासपुर, बड़े बचेली तथा दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
समारोह में बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी एवं आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, दंतेवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव भी उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ को मिले इन पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों ने शहरी आजीविका संवर्धन, डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहन और छोटे व्यवसायियों के आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रदेश के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।