दुर्ग में नकली पिस्टल से रौब जमाने वाले तीन युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया रील पड़ी भारी

दुर्ग। शहर में नकली पिस्टल से फायरिंग कर रौब जमाने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए घटना में इस्तेमाल नकली पिस्टल जब्त कर ली है। हिरासत में लेने के बाद आरोपियों से उठक-बैठक करवाई गई, जहां उन्होंने कान पकड़कर माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की बात कही। मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है। गुरुवार को पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। इंस्टाग्राम पर वायरल रील में तीन युवक वाहन में बैठकर नकली पिस्टल लहराते और फोटो-वीडियो बनाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में सार्वजनिक स्थान पर हथियार जैसा दिखने वाला सामान लहराकर आम लोगों में भय का माहौल बनाने का प्रयास किया गया था।

जांच में सामने आया कि आरोपी स्टेशन रोड स्थित सुमित बाजार के पास वाहन रोककर बीच सड़क नकली पिस्टल से फायरिंग की एक्टिंग कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में जयदीप कांडा (36), गगनप्रीत सिंह (37) और पवनदीप सिंह (32) शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में तीनों ने अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की हरकतें सार्वजनिक शांति भंग करने के साथ-साथ कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन सकती हैं। युवाओं को सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए कानून हाथ में नहीं लेने की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *