दुर्ग । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में संगठन सृजन अभियान के तहत देशभर के जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, भिलाई शहर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर सहित प्रदेश के कई जिलाध्यक्ष शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सशक्त, सक्रिय और जनोन्मुखी बनाना रहा। प्रशिक्षण सत्र में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल तथा राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक मजबूती पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं और पारदर्शिता व जनहित के मुद्दों पर संघर्ष से ही संगठन मजबूत होगा। राहुल गांधी ने सामाजिक न्याय, युवाओं की भागीदारी, महिला सशक्तिकरण तथा किसानों और मजदूरों के अधिकारों को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने की बात कही। केसी वेणुगोपाल ने डेटा आधारित कार्यप्रणाली अपनाने और हर बूथ पर सक्रिय टीम तैयार करने का सुझाव दिया। इस दौरान भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के जिलाध्यक्षों का परिचय सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से कराया। प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ संगठन की सराहना करते हुए आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करने का संदेश दिया।
दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रशिक्षण से मिले मार्गदर्शन के आधार पर जिले में बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा जनसंपर्क अभियान को तेज किया जाएगा।