टावर केबल चोरी का पर्दाफाश : रात में वारदात,पुलिस की घेराबंदी में तीन आरोपी गिरफ्तार, गिरोह के दो सदस्य फरार

जामगांव आर। इंडस मोबाइल टावर से कापर केबल वायर चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना 15 अप्रैल 2026 की रात्रि करीब 1 बजे ग्राम गुढियारी के एकता चौक स्थित लक्ष्मी मंच के पास की है। प्रार्थी वरुण कुमार (40 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर उतई ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे अपने साथियों भागचंद खुटेल, गिरीश देवागन और उमेश कश्यप के साथ टावर की पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि 3-4 युवक मोबाइल टावर में लगे कापर केबल वायर को काटकर चोरी कर रहे हैं। पेट्रोलिंग टीम को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान गुढियारी मसाल चौक के पास संदिग्ध हालत में छिपे तीन युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम शिवा कुमार बंजारें (22 वर्ष), गौरव विश्वकर्मा (23 वर्ष) तथा एक अपचारी बालक (16 वर्ष) बताया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि इस वारदात में उनके अन्य साथी दीपक निषाद (बिहारी) और गेवेन्द्र साहू भी शामिल थे। सभी ने मिलकर योजना बनाकर टावर से करीब 20 मीटर कापर केबल वायर, जिसकी कीमत लगभग 12 हजार रुपये है, कटर से काटकर चोरी किया था।

पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी किया गया कापर केबल और घटना में प्रयुक्त औजार बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को 16 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने 30 अप्रैल 2026 तक रिमांड की मांग की है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *