गुण्डरदेही/लीलाधर साहू। बीती रात गुण्डरदेही ब्लॉक के ग्राम मोखा में तेज रफ्तार से आ रही ट्रक और हाईवा की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टकराने के तुरंत बाद दोनों वाहन सड़क किनारे स्थित एक वेल्डिंग दुकान में जा घुसे। टक्कर में ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हुए और दुर्घटना स्थल पर आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर लगातार हादसे होते हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ब्रेकर बनाने और स्टॉपर लगाने की त्वरित मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।