रायपुर के टाटीबंध में दर्दनाक हादसा : रूम हीटर से 70 वर्षीय बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर के टाटीबंध इलाके में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान राजकुमार गुप्ता के रूप में हुई है। घटना आमानाका थाना क्षेत्र की है। हादसे के वक्त बुजुर्ग घर में अकेले थे और ठंड से बचने के लिए रूम हीटर चालू किया हुआ था। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह राजकुमार गुप्ता का बेटा जितेंद्र गुप्ता घर में ताला लगाकर उरला स्थित रोलिंग मिल में काम पर चला गया था। घर के अन्य सदस्य मैहर दर्शन के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान घर के भीतर बुजुर्ग अकेले थे। बताया जा रहा है कि हीटर में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरे कमरे में फैल गई।
धुआं देख मची अफरा-तफरी
सुबह करीब 8 बजे मोहल्ले वालों ने घर से धुआं निकलते देखा। अंदर से बुजुर्ग के चीखने की आवाजें भी सुनाई दीं, लेकिन घर का मुख्य गेट बंद होने के कारण कोई भीतर प्रवेश नहीं कर सका। आग तेजी से फैलती गई और मदद पहुंचने से पहले ही बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड व पुलिस को जानकारी दी। हालांकि, जब तक दमकल की टीम मौके पर पहुंची, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोगों ने फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर नाराजगी भी जाहिर की।
पुलिस जांच में जुटी
आमानाका पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हीटर से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से सर्दियों में हीटर और अन्य गर्म उपकरणों का उपयोग करते समय सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *