निषाद समाज की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है गुहा निषादराज जयंती समारोह,आशीष वर्मा बोले -भक्त गुहा निषादराज सियाराम के अनन्य उपासक थे

रानीतराई। निषाद समाज केसरा पाली स्तरीय भक्त गुहा निषादराज जयंती समारोह ग्राम बोरेन्दा में श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता के वातावरण में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे भव्य कलश यात्रा से हुआ, जिसमें समाजजन शामिल होकर ग्राम भ्रमण करते हुए मंच स्थल पहुंचे, जहां सामूहिक आरती संपन्न हुई।
इसके पश्चात मानसगान, सामाजिक परिचर्चा, अतिथि स्वागत, उद्बोधन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं पाटन विधायक के प्रतिनिधि आशीष वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष एवं मछुआ कल्याण बोर्ड के पूर्व सदस्य देवकुमार निषाद ने की।
विशेष अतिथियों में चोवाराम निषाद (क्षेत्रीय अध्यक्ष, केसरा–परसुलीडीह), अशोक साहू (पूर्व उपाध्यक्ष, जिला पंचायत दुर्ग), राजेश ठाकुर (अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जामगांव आर), डॉ. ईश्वर प्रसाद निषाद (सरपंच एवं अध्यक्ष, केसरा पाली), देवनाथ निषाद (जिला संगठन सचिव दुर्ग) एवं बहुरसिंह निषाद (उपाध्यक्ष, केसरा पाली) शामिल रहे। सभी अतिथियों व सामाजिक पदाधिकारियों ने भगवान सियारामचंद्र एवं भक्त गुहा निषादराज के तेलचित्र पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की तथा समाज की खुशहाली और उन्नति की कामना की।

मुख्य अतिथि आशीष वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भक्त गुहा निषादराज भगवान श्रीराम के परम और प्रिय भक्त थे। उनके आदर्श आज भी समाज को सच्ची श्रद्धा, विश्वास और समर्पण का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि निषाद समाज निरंतर संगठित होकर आगे बढ़ रहा है और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को हमेशा निषाद समाज का आशीर्वाद मिलता रहा है, जिसके चलते वे समाज के सर्वांगीण विकास के प्रति कृतसंकल्पित रहे हैं। अध्यक्षीय उद्बोधन में देवकुमार निषाद ने समाज के विकास के लिए सभी वर्गों की सहभागिता को आवश्यक बताया। वहीं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू ने कहा कि भक्त गुहा निषादराज जयंती जैसे आयोजनों के माध्यम से समाज को अपनी रीति-नीति और संस्कारों के अनुरूप युवा पीढ़ी को दिशा देने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में डॉ. नोहर साहू, नरेंद्र साहू, संतोष निषाद (उपाध्यक्ष, केसरा पाली), भागवत निषाद (उपाध्यक्ष, ग्राम विकास), कामेश सिंह कश्यप (सरपंच, बोरेन्दा), आकाश कुमार यादव (उपसरपंच) सहित बड़ी संख्या में सामाजिक पदाधिकारी, महिलाएं, युवा एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समारोह ने सामाजिक समरसता, आस्था और सांस्कृतिक चेतना को और अधिक सुदृढ़ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *