पाटन जनपद में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन पर प्रशिक्षण, जनप्रतिनिधियों ने लिया विकसित भारत-2047 का संकल्प

पाटन जनपद में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन पर प्रशिक्षण, जनप्रतिनिधियों ने लिया विकसित भारत-2047 का संकल्प

अध्यक्ष कीर्ति नायक की अध्यक्षता में आयोजित उन्मुखीकरण कार्यक्रम में रोजगार, आजीविका, महिला सशक्तिकरण और ग्राम विकास पर दिया गया विशेष जोर

पाटन। जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक की अध्यक्षता में जनपद पंचायत सभागार में “विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB-G RAM G) Act-2025” के अंतर्गत प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मुख्य कार्यपालन अधिकारी महेंद्र कुमार जांगड़े के निर्देशन में संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद क्षेत्र के सभी जनपद सदस्य, सरपंच, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान मिशन की कार्ययोजना, उद्देश्य तथा ग्राम स्तर पर संचालित किए जाने वाले विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि यह मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन, कौशल विकास, महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण और समावेशी विकास को बढ़ावा देकर विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी महेंद्र कुमार जांगड़े ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजना का लाभ पहुंचाने और ग्राम पंचायत स्तर पर जनभागीदारी के साथ कार्ययोजना तैयार करने से मिशन को सफल बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में ग्राम पंचायतों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से शासन की योजनाओं का पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, आत्मनिर्भर आजीविका, महिला सशक्तिकरण और समृद्ध ग्रामों के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *