(ग्राम गब्दी के वीर सपूत ने बीजापुर नक्सली मुठभेड़ में दिया था सर्वोच्च बलिदान )
जामगांव आर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर देश और समाज की सुरक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले क्षेत्र के वीर सपूत शहीद आरक्षक थानसिंह ठाकुर को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) जामगांव आर में श्रद्धापूर्वक आदरांजलि दी गई। इस अवसर पर आयोजित स्मरण कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके अदम्य साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया। गौरतलब है कि शहीद आरक्षक थानसिंह ठाकुर दक्षिण पाटन क्षेत्र के ग्राम गब्दी के निवासी थे। वे जामगांव आर स्थित विद्यालय के पूर्व छात्र रहे थे। बस्तर क्षेत्र में पुलिस सेवा के दौरान बीजापुर में नक्सली मुठभेड़ के दौरान कर्तव्य का निर्वहन करते हुए उन्होंने 22 मई 2012 को देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी शहादत क्षेत्र के लिए गौरव और प्रेरणा का प्रतीक है। पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से उनके बलिदान को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
• जनप्रतिनिधियों और विद्यालय परिवार ने किया नमन
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू, शासकीय महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष नरेश कल, सरपंच रूपेंद्र शुक्ला, एसएमसी अध्यक्ष अंगेश्वर साहू, जामगांव आर थाना प्रभारी कमलेश देशमुख, पूर्व सरपंच शैलेन्द्री मंडावी तथा विद्यालय की प्राचार्य कविता साहू, चेतना ठाकुर, विनीता सुधीर, संगीता निषाद, डीके साहू, मनीष जैन, नोहर सिंह आर्य, राजकुमार देशमुख, मोहन ठाकुर, भावना साहू, संस्कार निर्मल, माही मस्के और सेजल देवांगन सहित अन्य लोगों ने शहीद को नमन किया।