रायपुर । छत्तीसगढ़ में शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक शांताराम सराफ को अंतिम विदाई दी गई। राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित जागृति मंडल में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक और संघ परिवार के वरिष्ठ सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शांताराम जी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने भावुक स्वर में कहा:“श्रद्धेय शांताराम जी संघ के वरिष्ठ प्रचारक ही नहीं, बल्कि मेरे लिए अभिभावक के समान थे। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और आत्मीय संबंध मेरे जीवन में अमूल्य रहा है। उनका निधन केवल संघ परिवार और समाज के लिए नहीं, मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है।”
रमन सिंह ने जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शांताराम जी को याद करते हुए कहा कि वे हमारे लिए पिता तुल्य थे। उनके नेतृत्व और संकल्प से मदकूदीप जैसे ऐतिहासिक स्थल को पुनर्जीवन मिला, जो राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक बड़ा योगदान है।
अन्य गणमान्य भी रहे मौजूद
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, सांसद संतोष पांडे, देवेंद्र प्रताप सिंह, मोतीलाल साहू ,अभयराम कुम्भकार,रूपनारायण सिन्हा समेत कई गणमान्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने स्व शांताराम के योगदान को याद करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरा वातावरण श्रद्धा, भावुकता और संघ के मूल्यों के प्रति सम्मान से भरा रहा।