छत्तीसगढ़ में गणेश विसर्जन की धूम : कहीं देशभक्ति की झलक, कहीं भाईचारे की मिसाल, तो कहीं हादसे ने किया माहौल गमगीन

रायपुर -छत्तीसगढ़ में शनिवार शाम से गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला श्रद्धा और धूमधाम के साथ शुरू हुआ। राजधानी रायपुर में भीड़भाड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए नगर निगम ने विशेष व्यवस्था की। छोटी और बड़ी प्रतिमाओं के लिए अलग-अलग तालाब और अस्थायी कुंड बनाए गए, जबकि महादेव घाट पर केवल बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ।गणेश विसर्जन के दौरान छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में जहां एक ओर श्रद्धा, संस्कृति और एकता की तस्वीरें देखने को मिलीं, वहीं बलरामपुर की घटना ने इस उत्सव को कुछ पल के लिए शोक में भी डुबो दिया।

बलरामपुर में हादसा, डीजे की तेज आवाज से नाबालिग की मौत की आशंका
राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बलरामपुर में विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे पर नाचते समय एक नाबालिग युवक बेहोश हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि डीजे की तेज आवाज के कारण उसे हार्ट अटैक आया। स्थानीय लोगों ने अस्पताल में डॉक्टर की अनुपस्थिति और अमर्यादित व्यवहार को लेकर हंगामा भी किया।

रायपुर में राउत नाचा की थीम पर सांस्कृतिक विदाई
रायपुर के बुढ़ापारा इलाके में गणपति बप्पा को पारंपरिक राउत नाचा की थीम पर विदाई दी गई। ढोल-मंजीरों की ताल और लोकगीतों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने नृत्य कर उत्सव को रंगीन बना दिया।

भिलाई में देशभक्ति से सराबोर हुआ विसर्जन
भिलाई में विसर्जन जुलूस के दौरान कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर माहौल में नई ऊर्जा भर दी। तिरंगे झंडे और देशभक्ति की थीम ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

मनेंद्रगढ़ में गूंजी सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल
मनेंद्रगढ़ में विसर्जन जुलूस ने सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की। एक मुस्लिम युवक ने न सिर्फ गणेश रथ की रस्सी खींची बल्कि हिंदू युवकों के साथ मिलकर नृत्य भी किया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *