
जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर–भरर में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करने तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान महाविद्यालय परिसर एवं आसपास का क्षेत्र “तिरंगा हमारी शान है, हम भारतीयों की पहचान है”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” जैसे देशभक्ति नारों से गूंज उठा। तिरंगा यात्रा से पूर्व महाविद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने विद्यार्थियों से देशभक्ति की भावना को सदैव हृदय में बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
बारिश के बीच भी विद्यार्थियों और महाविद्यालयीन स्टाफ का उत्साह कम नहीं हुआ। सभी ने पूरे जोश और उमंग के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागिता की। NSS प्रभारी चेतना सोनी ने स्टाफ एवं विद्यार्थियों के सहयोग से कार्यक्रम का संयोजन किया। वहीं क्रीड़ा प्रभारी डॉ. नरेश धर दीवान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए। तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता कार्य, पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत घर-घर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया गया। विद्यार्थियों ने ड्राइंग के माध्यम से तिरंगे के वर्तमान स्वरूप को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपनी भावनाएं भी व्यक्त कीं।
कार्यक्रम में ‘सेल्फी विद तिरंगा’ गतिविधि भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उन्हें MY Bharat की वेबसाइट पर अपलोड किया और प्रमाणपत्र प्राप्त किए। तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में नीता कुंभारे, ऐश्वर्य ठाकुर, डॉ. अरुणेन्द्र तिवारी, मनोज यादव, रजनीश तिवारी एवं डॉ. आबिद हसन खान सहित महाविद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। सामूहिक सहभागिता और देशभक्ति के उत्साह के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।