चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश बनी जानलेवा: दुर्ग स्टेशन पर ओरिएंटल इंश्योरेंस के एरिया मैनेजर की दर्दनाक मौत, CCTV VIDEO वायरल

चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश बनी जानलेवा: दुर्ग स्टेशन पर ओरिएंटल इंश्योरेंस के एरिया मैनेजर की दर्दनाक मौत, CCTV VIDEO वायरल

दुर्ग-भिलाई | छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर की मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद यह घटना एक बार फिर रेलवे सुरक्षा नियमों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। मृतक की पहचान संदीप कुमार सिन्हा (58) के रूप में हुई है, जो ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी की रायपुर शाखा में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वे रोजाना की तरह रेलवे के मासिक पास से दुर्ग से रायपुर ट्रेन के जरिए आवागमन करते थे।

लोकल ट्रेन छोड़ सुपरफास्ट पकड़ने की जल्दबाजी पड़ी भारी

जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह करीब 5:45 बजे दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर खड़ी थी। इसी दौरान पुणे-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची और कुछ मिनट के ठहराव के बाद रवाना होने लगी। इसी बीच संदीप कुमार सिन्हा ने लोकल ट्रेन छोड़कर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से रायपुर जाने का निर्णय लिया। वे तेजी से दौड़कर चलती ट्रेन में चढ़ने लगे, लेकिन हाथ में मौजूद लैपटॉप बैग फिसलने से उनका संतुलन बिगड़ गया। ट्रेन के दरवाजे पर लगी रॉड पर उनकी पकड़ कमजोर पड़ गई और उनका पैर फिसल गया। देखते ही देखते वे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच ट्रैक पर गिर पड़े।

ट्रेन की चपेट में आने से कट गया पैर, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर कट गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने उन्हें तत्काल ट्रैक से निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्चुरी भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

दो दिन बाद सामने आया CCTV वीडियो

हादसे के दो दिन बाद घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में संदीप कुमार सिन्हा को चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते और संतुलन बिगड़ने के बाद ट्रैक पर गिरते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है।

रेलवे की अपील: चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने का जोखिम न लें

रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों से अपील करता रहा है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश कभी न करें। कुछ सेकंड बचाने की जल्दबाजी कई बार जानलेवा साबित हो सकती है। प्रारंभिक जांच में भी रेल पुलिस ने माना है कि चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।यह घटना यात्रियों के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी क्षण अपूरणीय क्षति का कारण बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *