
कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
जामगांव आर । कारगिल विजय दिवस के अवसर पर स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय (सेजेस), बेल्हारी, विकासखंड पाटन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और वीर सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने के उद्देश्य से निबंध, चित्रकला एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम के कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया।
मौके पर विद्यालय की प्राचार्य रीना चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक विजय नहीं, बल्कि भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और राष्ट्र निर्माण की पहली पाठशाला है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित होता है। हिंदी माध्यम की सांस्कृतिक प्रभारी मुकेश्वरी ध्रुव ने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमारे वीर सैनिकों के साहस और त्याग का प्रतीक है। निबंध एवं चित्रकला जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण व्यक्त करने का अवसर प्रदान करती हैं।
अंग्रेजी माध्यम की सांस्कृतिक प्रभारी खुशबू मिश्रा ने अपने संदेश में कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विद्यालय में आयोजित रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय मूल्यों के विकास का प्रभावी माध्यम हैं। निबंध प्रतियोगिता में गोपिका, परमेश्वरी, भूमिका, मानसी, गीतेश्वरी, कीर्ति, तिलेश्वरी, ज्योति, नेहा, हर्षिता, खिलेश्वरी, तमेश्वरी, ऐश्वर्या, हेमलता एवं रुद्रानी ने अपने विचारों का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में भूमिका एवं मीना ने अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से कारगिल विजय दिवस की भावना को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। भाषण प्रस्तुति में टीसा एवं चांदनी, कविता पाठ में उज्ज्वल, युगल नृत्य में खुशबू एवं छवि तथा समूह गीत में टीसा, दुर्गा, चांदनी, अर्चना, उज्ज्वल, प्रिया, किंजल एवं सानिया ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित सभी का मन मोह लिया।