AK-47 की सफाई के दौरान चलीं दो गोलियां, CISF प्रधान आरक्षक की मौत; बचेली कैंप में हादसे से मचा हड़कंप

AK-47 की सफाई के दौरान चलीं दो गोलियां, CISF प्रधान आरक्षक की मौत; बचेली कैंप में हादसे से मचा हड़कंप

YC न्यूज़ डेस्क /दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बचेली में हथियार की सफाई के दौरान हुए हादसे में CISF के प्रधान आरक्षक की मौत हो गई। घटना 10-11 ए कैंप के पोटाकेबिन-03 में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार AK-47 की सफाई के दौरान अचानक दो गोलियां चल गईं, जिसकी चपेट में आने से CISF प्रधान आरक्षक दत्तात्राया गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद जवान को तत्काल उपचार के लिए अपोलो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

महाराष्ट्र के निवासी थे दत्तात्राया

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक CISF प्रधान आरक्षक दत्तात्राया महाराष्ट्र के रहने वाले थे। कैंप में हथियार की सफाई के दौरान अचानक दो गोलियां किन परिस्थितियों में चलीं, इसे लेकर जांच की जा रही है।

FSL जांच और पोस्टमार्टम से खुलेगा हादसे का राज

पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। मामले में FSL टीम की मदद ली जा रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हथियार से गोलियां किन परिस्थितियों में चलीं और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी। एक हथियार की सफाई के दौरान दो गोलियां चलने और CISF जवान की जान जाने की घटना ने कैंप में सुरक्षा एवं हथियार हैंडलिंग की प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, घटना के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *