
पाटन । शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय परसदा की दो प्रतिभाशाली छात्राओं ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) 2026 में सफलता प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार कु. डामिन यादव (पिता किरन यादव) एवं कु. त्रिवेणी ठाकुर (पिता सियाराम ठाकुर) का चयन इस प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति परीक्षा में हुआ है। इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे विद्यालय के शिक्षकों की समर्पित मेहनत और नवाचारी शिक्षण पद्धति का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शिक्षक सुशील कुमार साहू ने विद्यार्थियों को नवाचारी गतिविधियों से जोड़ते हुए स्वयं प्रश्नपत्र तैयार कर नियमित अभ्यास कराया। साथ ही, विद्यार्थियों की शंकाओं का त्वरित समाधान, डिजिटल माध्यमों से मार्गदर्शन और अतिरिक्त कक्षाओं के जरिए उन्हें परीक्षा के लिए पूरी तरह तैयार किया गया।
राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत चयनित छात्राओं को शासकीय विद्यालय में अध्ययन जारी रखने पर कक्षा 12वीं तक प्रतिमाह 1,000 रुपये अर्थात प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इससे उनकी आगे की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग मिलेगा और वे अपने शैक्षणिक लक्ष्य को और मजबूती से हासिल कर सकेंगी। छात्राओं की सफलता पर प्रधान पाठक सत्येन्द्र यदु सहित शिक्षक मोहित कुमार शर्मा, नरेश कुमार यादव, पूर्णिमा यादव, पवन साहू, जागेश्वरी साहू, देवकी यादव, उपासना साहू, कल्याणी शुक्ला एवं कौशल शुक्ला ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। सभी ने कहा कि विद्यालय परिवार बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस उपलब्धि पर नोडल प्राचार्य रामटेके मैडम, संकुल शैक्षिक समन्वयक कुलेश्वर प्रसाद ठाकुर, दोनों वार्डों के पार्षद, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधियों सहित संकुल के समस्त संस्था प्रमुखों और शिक्षकों ने चयनित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।