पाहंदा (अ) में बिजली समस्याओं को लेकर ग्रामीणों की पहल, स्ट्रीट लाइट मरम्मत और लो-वोल्टेज समस्या के समाधान की मांग

पाहंदा (अ) में बिजली समस्याओं को लेकर ग्रामीणों की पहल, स्ट्रीट लाइट मरम्मत और लो-वोल्टेज समस्या के समाधान की मांग

पाटन। ग्राम पंचायत पहंदा (अ) में लंबे समय से चली आ रही विद्युत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्राम पंचायत की सरपंच इसरावती ठाकुर एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा दुर्ग जिला महामंत्री सुरेन्द्र साहू ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, अमलेश्वर की जूनियर इंजीनियर स्वाति गौतम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्राम पंचायत के विभिन्न वार्डों और गलियों में लगी अनेक स्ट्रीट लाइटों के लंबे समय से बंद होने की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि रात्रि के समय अंधेरा रहने से आवागमन में परेशानी होती है तथा सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने विभाग से बंद पड़ी सभी गली लाइटों का सर्वे कर शीघ्र मरम्मत एवं संधारण कराने की मांग की। इसके अलावा गांव में बार-बार बिजली गुल होने, लगातार विद्युत आपूर्ति बाधित रहने और लो-वोल्टेज की समस्या का भी उल्लेख किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इन समस्याओं से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। विद्यार्थियों की पढ़ाई, किसानों के कृषि कार्य तथा घरेलू गतिविधियों पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है। गर्मी और वर्षा ऋतु में यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।

इस अवसर पर सुरेन्द्र साहू ने कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से विद्युत व्यवस्था में सुधार तथा स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जूनियर इंजीनियर स्वाति गौतम ने मामले की जांच कर नियमानुसार शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *