
पाटन। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को पाटन नगर में अभियान का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन से किया गया। इस अवसर पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, सभापति केवल देवांगन तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. कठौतिया ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाते हुए अभिभावकों से अपने सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत बरकरार” का संदेश तभी सार्थक होगा, जब हर बच्चा इस अभियान से जुड़ेगा।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिनें, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में नन्हे-मुन्ने बच्चे उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि अभियान के दौरान कोई भी 0 से 5 वर्ष का बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, ताकि पोलियो मुक्त भारत का संकल्प लगातार मजबूत होता रहे।