
पाटन। पाटन विकासखंड के ग्राम भनसूली (के) में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत जिला पंचायत दुर्ग के पूर्व उपाध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की ‘दो बूंद जिंदगी की’ खुराक पिलाकर की।
इस अवसर पर अशोक साहू ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक पालक की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे। ग्राम सरपंच भगवती साहू ने कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी से ही पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को सफल बनाया जा सकता है।
अभियान के दौरान पूर्व जनपद सदस्य गैंदलाल डहरिया, डॉ. के.के. साहू, मुकेश साहू, फेकून सोनवानी, दिलीप सेन, ओंकार देवांगन, मन्ना पटेल, मितानिन योगेश्वरी साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लता साहू, गीता साहू, दिनेश्वरी साहू, तेनी साहू, दुर्गा साहू, सहायिकाएं, बड़ी संख्या में बच्चे एवं उनके पालक उपस्थित रहे।