
रायपुर। राजधानी रायपुर की प्रोफेसर कॉलोनी में सोलर पैनल लगाने के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो कर्मचारियों की मौत के मामले में पुलिस ने KY एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के संचालक कमलेश कुमार सेन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए बिना कार्य कराने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, प्रोफेसर कॉलोनी निवासी नरेंद्र कुमार वर्मा ने अपने मकान पर सोलर पैनल लगाने के लिए KY एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड से अनुबंध किया था। कंपनी संचालक कमलेश कुमार सेन के निर्देश पर 4 जुलाई को कर्मचारी संजीव साहू, प्रमोद चंद्राकर और आशीष कुमार चंद्राकर पैनल लगाने पहुंचे थे। काम के दौरान प्रमोद चंद्राकर और आशीष कुमार चंद्राकर अचानक पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। गंभीर करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
घटना की जांच में अब तक यह तथ्य सामने आया है कि कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा किट और सुरक्षा मानकों के अनुरूप उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। इस संबंध में घटना के प्रत्यक्षदर्शी एवं साथ में कार्य कर रहे कर्मचारी संजीव साहू की शिकायत पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने कंपनी संचालक कमलेश कुमार सेन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। पुरानी बस्ती थाना प्रभारी विनय सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया लापरवाही के आधार पर कंपनी संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर निर्माण और विद्युत संबंधी कार्यों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के आसपास कार्य करते समय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन और आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना अनिवार्य है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।