कुंबरगढ़ की प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो मासूमों की मौत, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

कुंबरगढ़ की प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो मासूमों की मौत, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

रायपुर। रायपुर जिले के धरसीवां थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंबरगढ़ स्थित प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर की बावड़ी में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। खेलते-खेलते बावड़ी के पास पहुंचे दो मासूम बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। धरसीवां थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान के अनुसार, मृत बच्चों की पहचान कुर्रा गांव निवासी साक्षी साहू (7 वर्ष) और श्रवण धीवर (4 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे अन्य बच्चों के साथ मंदिर परिसर के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान वे प्राचीन बावड़ी के किनारे पहुंच गए और संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में गिर गए। काफी देर तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों को बावड़ी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही धरसीवां पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुरक्षा व्यवस्था पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

हादसे के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि मंदिर परिसर की यह प्राचीन बावड़ी काफी गहरी है, लेकिन इसके आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। न तो बावड़ी के चारों ओर मजबूत घेराबंदी की गई है और न ही किसी प्रकार के चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी कई बार प्रशासन से सुरक्षा दीवार, लोहे की जाली और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की गई थी, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन से जल्द सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *