“शिव महापुराण के दो सूत्र – विश्वास और भक्ति: प्रदीप मिश्रा,जयंती स्टेडियम भिलाई में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब”

भिलाई। सावन के पावन अवसर पर बोल बम समिति के तत्वावधान में भिलाई के जयंती स्टेडियम में शिव महापुराण कथा का आयोजन हो रहा है, जिसमें सिहोर वाले पं. प्रदीप मिश्रा जी के श्रीमुख से दिव्य कथा का वाचन हो रहा है। कथा के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा, जिससे पांचों पंडालों के साथ-साथ मैदान भी श्रद्धा से भर उठा। कथा के क्रम में पं. प्रदीप मिश्रा ने कहा, “शिव महापुराण केवल कथा नहीं, यह विश्वास और भक्ति का समर्पित सूत्र है। जो अपने घर के बड़े-बुजुर्गों को प्रणाम करता है, उस पर शिवजी की कृपा अवश्य होती है।” कथा सुनने आज दुर्ग सांसद विजय बघेल की पत्नी रजनी बघेल, पूर्व भाजपा अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी पहुंचे।

पं मिश्रा जी ने कथा में शिव-पार्वती संवाद का उल्लेख करते हुए बताया कि शिवजी भक्ति देने में अत्यंत सावधानी बरतते हैं, क्योंकि यदि भक्त ने भक्ति सिद्ध कर ली, तो भगवान को स्वयं उसके पास दौड़कर जाना पड़ता है। उन्होंने कहा, “शिव महापुराण कथा विश्वास और भक्ति जगाती है, और यही दो सूत्र मनवांछित फल दिलवाते हैं। उन्होंने ने कथा के यजमान दया सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कथा आयोजन का पुण्य उन्हें मिलेगा, क्योंकि जितने भी लोग शिव नाम का जाप करेंगे, उस पुण्य का अंश यजमान को भी प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी कहा कि “जो केवल व्रती व्यक्ति के मुख का दर्शन कर लेता है, वह भी पुण्य का भागी बनता है।”

“शिवभक्त की निंदा का उत्तर खुद शिवजी देते हैं”

पं. मिश्र ने स्पष्ट कहा, “शिवभक्त को अपमान सहना आता है, वह उत्तर नहीं देता, क्योंकि उसका उत्तर स्वयं भोलेनाथ देते हैं। शिव जी अपने भक्त की निंदा कभी सहन नहीं करते। जो शिवभक्त का अपमान करता है, भोले बाबा उसे दंडित करते हैं।”

भक्तों के पत्रों में बाबा की कृपा का वर्णन

सोमनाथ साहू (बेमेतरा) ने पत्र में बताया कि बिना कोचिंग के नीट परीक्षा पास कर ली, क्योंकि बाबा से प्रार्थना कर, मंदिर में सेवा की। रिंकू देवी (चरोदा) ने बताया कि भाई प्रदीप ठाकुर को सरकारी नौकरी बाबा की कृपा से मिली, क्योंकि उसने प्रतिदिन मंदिर जाकर जल अर्पण किया और व्रत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *