“पाटन के ग्राम छाटा में स्वच्छता को लेकर लखनऊ टीम ने किया निरीक्षण, सराहे गए प्रयास”

पाटन। भारत सरकार के जलशक्ति मंत्रालय, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा संचालित स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 के अंतर्गत लखनऊ से आई विशेष टीम ने गुरुवार को दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत छाटा का दौरा किया। इस टीम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को लेकर किए जा रहे प्रयासों, जनसहभागिता और जागरूकता की हकीकत का जायजा लेना था।

टीम के नेतृत्वकर्ता हर्ष देवांगन ने छाटा में चल रहे स्वच्छता अभियान की सराहना की और कहा कि “यहां की व्यवस्था और ग्रामीणों की भागीदारी सराहनीय है।” निरीक्षण के दौरान टीम ने सार्वजनिक स्थल, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, गोठान, सेग्रीगेशन यार्ड, बाज़ार परिसर, सोखता गड्ढा, नाडेप और वर्मी कंपोस्ट यूनिट, सामुदायिक शौचालय, त्रिस्तरीय फिल्टर टैंक, अमृत सरोवर, चेक डेम और पानी जमाव वाले स्थलों का सूक्ष्म अवलोकन किया। इस दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनके स्वच्छता के अनुभव और सहभागिता की जानकारी ली गई। स्वच्छता समूह की महिलाओं से कचरा संग्रहण और निस्तारण की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर अतिरिक्त सीईओ पाटन श्वेता यादव, सरपंच कमलेश चेलक, सचिव प्रदीप चंद्राकर, तकनीकी सहायक दुर्गेश यादव, राहुल साहू, परमानंद चंदेल, द्रौपदी चेलक, अर्चना चेलक, मंजू साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और स्वच्छता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *