खुली जमीन पर सघन आवासीय परियोजना के विरोध में उबाल, तालपुरी बी-ब्लॉक बचाओ संघर्ष समिति गठित

दुर्ग। तालपुरी बी-ब्लॉक में खुली भूमि पर प्रस्तावित सघन आवासीय परियोजना के खिलाफ कॉलोनीवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। हाउसिंग बोर्ड द्वारा अनुमोदित टाउन एंड कंट्री प्लान में मनमानी एवं नियमविरुद्ध बदलाव कर परियोजना लाने की साजिश के विरोध में 31 दिसंबर 2025 को बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी सड़क पर उतरे और जोरदार प्रदर्शन किया। कॉलोनीवासियों का कहना है कि इस प्रस्तावित परियोजना से क्षेत्र की शांति, पर्यावरणीय संतुलन और पहले से सीमित नागरिक सुविधाओं पर गंभीर संकट उत्पन्न होगा। आरोप है कि हाउसिंग बोर्ड यह पूरा प्रयास केवल व्यावसायिक लाभ के उद्देश्य से कर रहा है, जिससे वर्षों की मेहनत से बसाए गए स्वच्छ, सुरक्षित और शांत आवासीय वातावरण पर खतरा मंडरा रहा है।

प्रदर्शन के पश्चात आयोजित बैठक में सभी नागरिकों ने एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। बैठक में श्री के. एन. दिवाकर ने कहा कि आंदोलन को प्रभावी स्वरूप देने के लिए एक विधिवत समिति का गठन आवश्यक है। श्री गिरिराज देशमुख एवं डॉ. लक्षप्रद के सुझावों के बाद सर्वसम्मति से “तालपुरी बी-ब्लॉक बचाओ संघर्ष समिति” का गठन किया गया। समिति गठन के दौरान श्री गिरिराज देशमुख के प्रस्ताव पर पूर्व अध्यक्ष सुनील चौरसिया को संयोजक अध्यक्ष तथा श्री गिरिराज देशमुख को समन्वयक नियुक्त किया गया। उपस्थित नागरिकों ने श्री चौरसिया से अपेक्षा जताई कि पूर्व की तरह तथ्यों एवं नियमों के आधार पर संघर्ष कर वे इस बार भी कॉलोनीवासियों को न्याय दिलाएंगे।
अपने संबोधन में संयोजक अध्यक्ष सुनील चौरसिया ने बताया कि आंदोलन के तहत शीघ्र ही वृहद हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर मुख्यमंत्री, मंडल आयुक्त एवं रेरा सहित सभी सक्षम मंचों पर मजबूती से उठाया जाएगा। उन्हें विश्वास है कि प्रदेश सरकार कॉलोनीवासियों की जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *