साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन में भारत का स्वर्णिम परचम, चेतना साहू ने उतई व छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया

उतई। दक्षिण एशियाई बॉल बैडमिंटन चैम्पियनशिप का आयोजन 27 से 29 दिसंबर 2025 तक पटना (बिहार) में किया गया। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय महिला बॉल बैडमिंटन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ के तीन खिलाड़ियों ने विशेष पहचान बनाई, जिनमें दुर्ग जिले के उतई गांव की होनहार बेटी चेतना साहू ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतते हुए न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया। चेतना साहू, पिता भुनेश्वर साहू, ने प्रतियोगिता के दौरान अपने सभी मुकाबलों में उत्कृष्ट तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया। कड़े मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वियों को पराजित करते हुए उन्होंने प्रथम स्थान हासिल किया।

फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को एकतरफा मुकाबले में 35-13, 35-13 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उतई गांव सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चेतना साहू ने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में उनकी गहरी रुचि रही है। निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण के कारण ही उन्हें दक्षिण एशियाई चैम्पियनशिप में यह ऐतिहासिक सफलता मिली। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार और कोच को दिया, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से यह सपना साकार हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *