जामगांव आर। सेजस विद्यालय बेल्हारी के कक्षा आठवीं के होनहार विद्यार्थी उमेश्वर कुमार साहू ने अपनी प्रतिभा से विद्यालय एवं क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उमेश्वर का चयन 21 से 24 सितंबर 2025 तक जगदलपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहाँ वे 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद में दुर्ग जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उमेश्वर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लंबी कूद में प्रथम स्थान और 100 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान हासिल किया। उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें राज्य स्तरीय खेलों के लिए सीधा अवसर दिलाया और विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया। विद्यालय की खेल शिक्षिका सुश्री विद्या नायर के मार्गदर्शन में उमेश्वर ने एथलेटिक्स में यह सफलता हासिल की, जबकि वे मूल रूप से कबड्डी खिलाड़ी रहे हैं। विद्यालय प्राचार्य वाय के साहू, प्रबंधन समिति अध्यक्ष मनीष चंद्राकर,पालक समिति अध्यक्ष महेश साहू,लीलाधर सूर्यवंशी सहित समस्त शिक्षक व विद्यार्थी उमेश्वर की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।