पाटन। छत्तीसगढ़ शासन के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत पाटन में विकासखंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। 1 अक्टूबर 2026 को सतनाम भवन, पाटन में आयोजित होने वाले इस शिविर में आम नागरिकों एवं हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने तथा प्राप्त आवेदनों का यथासंभव त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की पहल की जाएगी। शिविर में संबंधित क्षेत्र के ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को विभिन्न विभागों से जुड़ी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
गौरतलब है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित कर नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी, आवेदन की सुविधा तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
पाटन क्षेत्र के लिए जारी कार्यक्रम में 1 अक्टूबर के शिविर से जुड़े ग्रामों में फुण्डा, सांतरा, गोंडपेन्डरी, छाटा, अचानकपुर, ढौर, महकाकला, मुड़पार, चुनकट्टा, पतोरा, धौराभाठा, सेलूद, मानिकचौरी, परसाही, फेकारी, गाड़ाडीह, मटंग, गुड़ियारी एवं कानाकोट शामिल हैं।
जनपद CEO एमके जांगड़े ने बताया कि शिविर का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए नागरिकों को शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराना तथा लंबित प्रकरणों एवं आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया को गति देना है।