जामगांव आर । आंगनबाड़ी केंद्र गातापार के अंतर्गत कर्मा भवन में बुधवार को ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों के सम्मान के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना नारद रहीं। विशेष अतिथि के रूप में जनपद सदस्य पाटन अजय कुमार साहू, ग्राम पंचायत सरपंच रेवाराम साहू, महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी छाया वर्मा तथा सेक्टर सुपरवाइजर उर्वशी देशलहरे उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं पांच बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। इसके साथ ही चार स्वस्थ बच्चों को सम्मानित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों को उनके कार्य और सहयोग के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि कल्पना नारद ने अपने संबोधन में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने, बच्चों के स्वास्थ्य पर नियमित ध्यान देने तथा शासन की महिला एवं बाल विकास योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
परियोजना अधिकारी छाया वर्मा ने विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं से पोषण और स्वास्थ्य को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के लिए उपलब्ध सेवाओं के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर पंचायत के पंच पवन कुमार साहू, टामेश्वरी साहू, कौशल्या साहू, संतोषी यादव, पम्मी साहू सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लता साहू, सुनीता मिथलेश, सत्यभामा कौशिक, झनिता मंडावी, सहायिका नुनेश्वरी साहू, तामेश्वरी साहू बेना तथा मितानिन सेवती साहू, रत्ना साहू, गया साहू सहित प्राथमिक शाला के शिक्षक एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।