भिलाई । नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा “स्वच्छता ही सेवा 2025” अभियान के अंतर्गत बेलवा तालाब, नेहरू नगर भिलाई में एक भव्य स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था।।रैली के उपरांत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। इसी कड़ी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर उनके तेल-चित्र पर माल्यार्पण कर “अंत्योदय दिवस” मनाया गया।
इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर अभिजीत सिंह ने की, वहीं नगर निगम भिलाई के आयुक्त राजीव पाण्डेय, जनप्रतिनिधिगण, विभागीय अधिकारी, महेश वर्मा, भोजराज सिन्हा, प्रमोद सिंह, संदीप निरंकारी, चंदेश्वरी बांधे, प्रकाश सावंत सहित बड़ी संख्या में सियान सदन के वरिष्ठ नागरिक, सफाई कामगार एवं आमजन उपस्थित रहे।
इस दौरान सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि “स्वच्छता और हरियाली केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प होना चाहिए। जिस दिन हर नागरिक इसे अपनी जिम्मेदारी मानेगा, उस दिन हमारा शहर ही नहीं, पूरा देश स्वच्छ और सुंदर बन जाएगा।” कार्यक्रम में बच्चों, नागरिकों और अधिकारियों ने मिलकर स्वच्छता एवं हरियाली का महत्व समझा और सक्रिय भागीदारी की। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ, सुंदर और हरित भिलाई का निर्माण संभव है।