श्रमिकों की समस्याओं और मांगों को संसद एवं प्रशासनिक स्तर पर उठाने के प्रयासों को यूनियन पदाधिकारियों ने सराहा
भिलाई। श्रमिक हित एवं अधिकारों से जुड़े विषयों पर किए गए प्रयासों को लेकर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल का श्रमिकों की ओर से सम्मान समारोह रविवार को इंजीनियरिंग भवन, इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल का गजमाला एवं गमछा पहनाकर स्वागत किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंटकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एफएसएनएल कर्मचारी यूनियन, संबद्ध बीएसपी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष उज्जवल दत्ता ने की। इस अवसर पर एमडी एनबी लालसन, सुरपल्ली रहमान, परमिंदर सिंह नागी, शत्रुघ्न निर्मलकर, मनोज कुमार, अशोक गनवीर, मोहम्मद ईशा, होरो सिका, वी. वासु, कामेश्वर शर्मा, मोहम्मद असलम, खूबचंद वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उज्जवल दत्ता ने कहा कि श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर समय-समय पर सांसद विजय बघेल से मुलाकात कर उन्हें अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि सांसद के प्रयासों से श्रमिकों की सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। इसके अलावा काम से हटाए गए कुछ श्रमिकों को पुनः रोजगार दिलाने, सीजी-7 वाहनों से संबंधित राजनांदगांव टोल की समस्या तथा बीएसपी में कार्यरत श्रमिकों को समय पर वेतन दिलाने सहित विभिन्न विषयों पर सांसद ने सहयोग किया।
एमडी एनबी लालसन ने कहा कि सांसद विजय बघेल लंबे समय से श्रमिकों से जुड़े विषयों को उठाते रहे हैं। श्रमिकों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए प्रयास करना सराहनीय है। अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि श्रमिक साथियों के बीच बैठकर संवाद करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि श्रमिकों की मेहनत, संघर्ष और एकजुटता का सम्मान है। श्रमिक हित में अभी भी अनेक कार्य किए जाने हैं और वे श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।.उन्होंने उज्जवल दत्ता एवं उनकी पूरी टीम द्वारा श्रमिक हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। सांसद ने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों और समस्याओं के लिए आवाज उठाने वालों के साथ मजबूती से खड़ा रहना आवश्यक है। समाज में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता, बल्कि सभी को परस्पर सम्मान और सहयोग की भावना के साथ कार्य करना चाहिए।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि वे श्रमिक साथियों के बीच परिवार के सदस्य के रूप में कार्य करना चाहते हैं और उनके सुख-दुःख में सदैव साथ खड़े रहने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम के अंत में श्रमिकों एवं यूनियन पदाधिकारियों ने सांसद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्रमिक हितों से जुड़े विषयों पर आगे भी निरंतर संवाद और सहयोग बनाए रखने की बात कही।