रायपुर। अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर राजधानी में चल रहे प्रदर्शन के बीच एक महिला ने डिप्टी सीएम एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा के निवास के बाहर फिनाइल पीने का प्रयास किया। महिला को तत्काल मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के मुताबिक दिवंगत पंचायत शिक्षाकर्मी अनुकंपा संघ पिछले दो दिनों से रायपुर में धरना-प्रदर्शन कर रहा है। शुक्रवार को संगठन की महिलाएं अपने बच्चों के साथ मंत्री निवास पहुंचीं, लेकिन मंत्री के अनुपस्थित होने पर वहीं धरने पर बैठ गईं। इस दौरान पुलिस कार्रवाई के बीच जांजगीर-चांपा निवासी जिला यूनियन अध्यक्ष अश्वनी सोनवानी ने फिनाइल पीने की कोशिश की।
घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें महिलाओं को यह कहते हुए सुना जा सकता है – “जबरदस्ती करोगे तो फिनाइल पी लेंगे।” वीडियो में अश्वनी सोनवानी बोतल निकालते दिखती हैं, लेकिन मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर उन्हें बचा लिया।
इस घटना पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि आंदोलनरत महिलाओं की मांगों को गंभीरता से न लेने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अनुकंपा नियुक्ति के मुद्दे को संवेदनशीलता से सुलझाने के बजाय सरकार टकराव का रास्ता अपना रही है।