अतिक्रमण हटाने पर बवाल : 5 जेसीबी से 54 झोपड़ियां ढहाईं, लाठीचार्ज और आगजनी के आरोप

नगरी/धमतरी। धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक अंतर्गत दक्षिण सिंगपुर क्षेत्र के पालगांव जंगल में बुधवार को वन विभाग की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जमकर बवाल हो गया। सुबह करीब 8:30 बजे शुरू हुई कार्रवाई दोपहर 1:30 बजे तक चली, जिसमें 5 जेसीबी मशीनों की मदद से करीब 54 झोपड़ियों को जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों, खासकर महिलाओं और पुरुषों ने जेसीबी के सामने खड़े होकर जोरदार विरोध किया। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और वन विभाग पर आदिवासियों के साथ बर्बरता के आरोप लगे। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वनकर्मियों पर लाठीचार्ज करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

कार्रवाई के बीच कुछ झोपड़ियों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं। हालांकि आग लगने के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। वन विभाग और प्रभावित ग्रामीण एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। उग्र भीड़ ने कुछ सुरक्षा कर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी, जिससे हालात और बिगड़ गए। झड़प के दौरान 5 लोग घायल हो गए, जिनमें 3 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार के भी आरोप लगाए हैं। साथ ही प्रदर्शनकारियों पर जेसीबी चढ़ाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने थाने में शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। सुकलाल मरकाम, विमल सलाम, शिवनाथ कुंजाम, शिव प्रसाद मंडावी, रामदेव मंडावी, राधिका सोरी, हिरसिंग नेताम, मुंगोबाई सोरी और शांति सोरी सहित अन्य लोगों का आरोप है कि वन विभाग ने कार्रवाई के नाम पर अत्याचार किया और झोपड़ियों में आग लगने से उनका सामान जलकर खाक हो गया।

वहीं वन विभाग ने इन आरोपों से इनकार किया है। विभाग की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि अतिक्रमण हटाने के लिए पहले 25 जून 2024 और 29 जुलाई 2024 को नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद 7 अप्रैल 2026 को अंतिम नोटिस देकर 7 दिन के भीतर कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई थी। डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत की गई है। जंगल की जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई के दौरान किसी के साथ दुर्व्यवहार नहीं हुआ और न ही विभाग ने किसी झोपड़ी में आग लगाई। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *