छत्तीसगढ़ में लू का येलो अलर्ट : 43°C के पार पारा, कई संभागों में हीट वेव का खतरा

रायपुर, 16 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में लू (हीट वेव) को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 16 से 19 अप्रैल के बीच बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग में लू चलने की प्रबल संभावना है।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस दौरान दिन का तापमान सामान्य से काफी अधिक रहेगा और तेज गर्म हवाएं लोगों को झुलसा सकती हैं।

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और इजाफा होने की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो सामान्य से काफी अधिक है। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 43°C दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19°C रिकॉर्ड किया गया। हालांकि दिन के समय यहां भी गर्मी का असर स्पष्ट रूप से महसूस किया जा रहा है। गर्मी के इस बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *