रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ‘स्ट्रेंजर मीटअप पार्टी’ के प्रस्तावित आयोजन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर इवेंट का इनविटेशन वायरल होने के बाद बजरंग दल ने इसका विरोध शुरू कर दिया है और आयोजनकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, यह कार्यक्रम रविवार 26 अप्रैल को न्यू राजेंद्र नगर स्थित एक कैफे में आयोजित किया जाना था। बताया जा रहा है कि पंजाब की एक इवेंट कंपनी ने फोन के माध्यम से कैफे बुक किया था, लेकिन आयोजन की पूरी जानकारी छिपाई गई थी। जब कैफे संचालक को कार्यक्रम की वास्तविक प्रकृति का पता चला, तो उन्होंने तुरंत बुकिंग रद्द कर दी। हालांकि, कैफे द्वारा आयोजन रद्द किए जाने के बावजूद सोशल मीडिया पर इस पार्टी का प्रचार-प्रसार जारी है। वायरल पोस्टर और वीडियो में युवतियों के डांस और अनजान लोगों के बीच बातचीत के दृश्य सामने आए हैं। पोस्ट में एंट्री फीस, स्लॉट बुकिंग और “वुमंस हाउसफुल” जैसे संदेश भी देखे गए हैं।
बताया जा रहा है कि इस तरह की ‘स्ट्रेंजर पार्टी’ में अनजान युवक-युवतियां शामिल होकर आपस में बातचीत करते हैं, जिसे स्पीड मीटिंग या स्पीड डेटिंग भी कहा जाता है। इसमें कुछ मिनटों में पार्टनर बदलकर बातचीत, गेम्स, म्यूजिक और डांस जैसी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजनों की आड़ में सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले 17 सितंबर 2025 को रायपुर पुलिस ने एक संदिग्ध ‘न्यूड पार्टी’ आयोजन को लेकर भी कार्रवाई की थी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति या संदिग्ध गतिविधियों वाले किसी भी आयोजन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।