दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: टेकऑफ के दौरान स्विस फ्लाइट के इंजन में आग, 6 घायल; 232 यात्री सुरक्षित निकाले गए

YC न्यूज़ डेस्क। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब टेकऑफ के दौरान स्विस एयरलाइंस की फ्लाइट LX147 के इंजन में अचानक खराबी आ गई और उसमें आग लग गई। घटना रात करीब 1:08 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद एयरपोर्ट पर तुरंत फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। जानकारी के अनुसार, यह फ्लाइट स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख के लिए रवाना होने वाली थी और इसमें 4 नवजात शिशुओं समेत कुल 232 यात्री सवार थे। टेकऑफ से ठीक पहले विमान के एक इंजन में खराबी आने के साथ ही लैंडिंग गियर से धुआं उठने लगा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पायलट ने तत्काल विमान को रनवे पर ही रोक दिया।

इसके बाद सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जिसमें 6 यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विमान के लैंडिंग गियर में लगी आग पर काबू पाया। स्विस एयरलाइंस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित विमान एयरबस A330 था। एयरलाइन के अनुसार, टेकऑफ के दौरान विमान के बाएं लैंडिंग गियर से धुआं निकलता देखा गया, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर उड़ान को रोक दिया गया। एयरलाइन ने कहा कि उनकी स्थानीय टीम यात्रियों की सहायता में जुटी है और घटना की विस्तृत जांच के लिए विशेषज्ञ टीम दिल्ली भेजी जाएगी।

गौरतलब है कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पिछले 10 दिनों में यह दूसरी बड़ी विमान संबंधी घटना है। इससे पहले 16 अप्रैल को स्पाइसजेट और अकासा एयर के दो विमान आपस में टकरा गए थे। हालांकि उस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई थी। इस ताजा घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी जांच को लेकर सवाल उठने लगे हैं, हालांकि समय रहते पायलट की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *