MLA देवेंद्र यादव का कुर्ता फाड़ते वीडियो वायरल, सियासी संग्राम तेज; मंत्री केदार कश्यप का कांग्रेस पर हमला

MLA देवेंद्र यादव का कुर्ता फाड़ते वीडियो वायरल, सियासी संग्राम तेज; मंत्री केदार कश्यप का कांग्रेस पर हमला

नीट पेपर लीक प्रदर्शन से जुड़ा वीडियो चर्चा में, PSC छात्रों के मुद्दे Cake कांग्रेस को घेरा

रायपुर/बिलासपुर। नीट पेपर लीक मामले को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन के बीच भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विधायक स्वयं अपना कुर्ता फाड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, नीट पेपर लीक मामले को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्य मंत्री के बंगले का घेराव किया था। प्रदर्शन के दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया था कि पुलिस कार्रवाई के दौरान उनका कुर्ता फाड़ दिया गया। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में वे स्वयं अपना कुर्ता फाड़ते नजर आ रहे हैं, जिससे राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।

मामले को लेकर प्रदेश सरकार में मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं को विरोध दर्ज कराने के लिए कुर्ता फाड़ना ही है, तो उन्हें पीएससी अभ्यर्थियों और कथित पीएससी घोटाले के मुद्दे पर भी ऐसा करना चाहिए था। मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल राजनीतिक नौटंकी कर रही है। केदार कश्यप ने कांग्रेस पर आदिवासी नेतृत्व की उपेक्षा का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने समय-समय पर आदिवासी नेताओं का सम्मान नहीं किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम का भी उल्लेख किया। वायरल वीडियो और मंत्री के बयान के बाद प्रदेश में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। हालांकि इस पूरे विवाद पर कांग्रेस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में यह मुद्दा चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *