
रायपुर, 2 जुलाई 2026। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और श्रमिकों को अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित भारत जी-राम-जी (VB-GRAM-G) योजना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह विकासखंड की ग्राम पंचायत सोनाईडीह में जिला स्तरीय जन सम्मेलन आयोजित हुआ, जहां तिरुपति से केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का वर्चुअल माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में गांवों के समग्र विकास और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प जनभागीदारी से ही साकार होगा।
उन्होंने बताया कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना के तहत ग्रामीण श्रमिकों को अब 125 दिनों का रोजगार और 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी मिलेगी। इससे ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ेगी, पलायन में कमी आएगी और गांवों की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में योजना के पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए जल संरक्षण, जल संवर्धन और टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता देने की बात कही गई, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हो और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी विकास सुनिश्चित किया जा सके।
जिला पंचायत सदस्य मोहन कुमारी साहू ने कहा कि योजना स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी, जबकि जनपद पंचायत अध्यक्ष मनीषा चौहान ने इसे गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याओं, ग्रामीणों और बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और गांवों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।