गांव की पहल बनी मिसाल — पाटन ब्लॉक के आगेसरा पंचायत की कोचिंग योजना अब पूरे प्रदेश में लागू होगी,

गांव की पहल बनी मिसाल — पाटन ब्लॉक के आगेसरा पंचायत की कोचिंग योजना अब पूरे प्रदेश में लागू होगी,

“समर्पण निशुल्क कोचिंग सेंटर” मॉडल पर पूरे प्रदेश में निशुल्क कोचिंग सेंटर खोलने की तैयारी

पाटन (दुर्ग)। दुर्ग जिलान्तर्गत पाटन ब्लॉक के ग्राम पंचायत आगेसरा के युवा सरपंच रमाकांत साहू की दूरदृष्टि और नवाचारी सोच अब पूरे छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणा बन गई है। छत्तीसगढ़ शासन ने उनके द्वारा संचालित “समर्पण निशुल्क कोचिंग सेंटर, आगेसरा” की तर्ज पर पूरे प्रदेश में निशुल्क कोचिंग सेंटर प्रारंभ करने की योजना तैयार की है।

राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने इस दिशा में पहल करते हुए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) से आवश्यक जानकारी प्राप्त करना प्रारंभ कर दिया है। इस योजना के अंतर्गत प्रदेशभर में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को ऑनलाइन निशुल्क कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। गौरतलब है कि इस अभिनव पहल की शुरुआत ग्राम पंचायत आगेसरा में सरपंच रमाकांत साहू द्वारा युवाओं के भविष्य निर्माण हेतु की गई थी। पंचायत स्तर पर संचालित यह राज्य का पहला निशुल्क कोचिंग मॉडल रहा है, जिसने शासन का ध्यान आकर्षित किया।

◆ आगेसरा मॉडल का ध्येय ग्रामीण छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है-रमाकांत

छत्तीसगढ़ सरकार की पहल पर सरपंच रमाकांत साहू ने कहा —हमारा उद्देश्य गांव के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। यह देखकर गर्व होता है कि अब यही प्रयास पूरे छत्तीसगढ़ में युवाओं के लिए अवसर बनेगा। राज्य की विष्णुदेव सरकार की पहल से आगेसरा ग्रामवासी एवं समस्त पाटन क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। स्थानीय लोगों ने इसे गांव से निकले ‘शिक्षा नवाचार का छत्तीसगढ़ मॉडल’ बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *