
स्वामित्व योजना के अधिकार अभिलेख, प्रधानमंत्री आवास की चाबी और राशन कार्ड किए गए वितरित,29 ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव रहे मौजूद, विभागीय स्टॉलों के जरिए ग्रामीणों को मिली सेवाएं
पाटन। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को ग्राम पंचायत फेकारी में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए तथा पात्र प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को सीधे प्रदान किया गया। शिविर में स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख/पट्टे, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबी तथा पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए और संबंधित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में जारी कार्यक्रम के अनुसार पाटन क्षेत्र में अलग-अलग तिथियों पर सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। फेकारी शिविर में आसपास के बड़ी संख्या में गांवों के ग्रामीणों की सहभागिता रही।
25 वर्ष की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की यात्रा का उल्लेख
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अवधि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति निरंतर समर्पण की यात्रा रही है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य भी जनभागीदारी के माध्यम से सेवा और सुशासन की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।मंत्री यादव ने कहा कि सेवा सेतु शिविर केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि आम नागरिकों और शासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम हैं। ग्रामीणों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उनके गांव के नजदीक ही मिले, इसके लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
एक ही स्थान पर अनेक विभागों की सेवाएं
तहसीलदार मनोज गुप्ता ने सेवा सेतु शिविर की जानकारी देते हुए बताया कि ब्लॉक स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर के माध्यम से ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त करते हैं तथा नियमानुसार उनका निराकरण करते हैं। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। ऐसे शिविरों में राजस्व संबंधी कार्यों के साथ स्वामित्व योजना, पीएम किसान, किसान रजिस्ट्री, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिले में आयोजित सेवा सेतु शिविरों के लिए प्रशासन ने आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और पारदर्शी सेवा प्रदायगी को प्रमुख उद्देश्य बनाया है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, भाजपा नेता लोकमणि चंद्राकर, हर्षा चंद्राकर, कमलेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष ज्योति प्रकाश साहू, कमलेश साहू, रानी केशव बंछोर, पारखत साहू, डॉ. सुरेश साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष विनय चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन मोहित शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन सरपंच यीवगेंद्र साहू ने किया।