दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई क्षेत्र में सोमवार देर रात दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। शुरुआत बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी से हुई, जो देखते ही देखते परिजनों के शामिल होने से गंभीर विवाद में तब्दील हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ।
घटना सोनकर मोहल्ले की बताई जा रही है, जहां रात के समय बच्चों के बीच विवाद हुआ। जानकारी मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन मौके पर पहुंच गए और विवाद बढ़ता चला गया। हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों गुट आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान छावनी सीएसपी समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। देर रात तक दुर्ग, भिलाई और छावनी के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। इसी बीच, घटना के विरोध में हिंदू संगठनों के लोगों ने छावनी थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस की समझाइश के बाद भीड़ को शांत कराया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विवाद की जड़ बच्चों के बीच हुई कहासुनी है, हालांकि मामले में पुरानी रंजिश और कथित प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले एक युवक युवती को लेकर चला गया था, जिसके बाद युवक के खिलाफ मामला दर्ज हुआ और उसे जेल जाना पड़ा। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते विवाद ने हिंसक रूप लिया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।