भिलाई में भाजयुमो का कांग्रेस के खिलाफ उग्र प्रदर्शन, ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ विरोध पर फूंका पुतला,सौरभ जायसवाल बोले—“कांग्रेस की सोच महिला विरोधी”

भिलाई। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर सियासी घमासान के बीच भिलाई में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान और भाजपा भिलाई जिला संगठन के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रदर्शन में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया। भाजयुमो भिलाई जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और कांग्रेस पर महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकसभा में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ की राह में बाधा डालकर कांग्रेस ने देश की महिलाओं के साथ अन्याय किया है।

इस दौरान सौरभ जायसवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। लेकिन कांग्रेस ने इस पहल का विरोध कर अपनी महिला विरोधी मानसिकता को उजागर किया है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस कभी नहीं चाहती कि देश में मातृशक्ति का नेतृत्व बढ़े। वह महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में देखती आई है। इस अधिनियम का विरोध करके उसने एक बार फिर महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है। भाजयुमो ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने सदन के भीतर और बाहर इस बिल का विरोध कर करोड़ों महिलाओं की प्रगति को रोकने का प्रयास किया है। यह विरोध उनकी नकारात्मक राजनीति और महिला विरोधी सोच को दर्शाता है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर कांग्रेस के खिलाफ जन-आक्रोश व्यक्त किया। भाजयुमो नेताओं का कहना है कि देशभर की महिलाओं में इस बिल को लेकर उत्साह है, जबकि कांग्रेस की राजनीति ने मातृशक्ति का अपमान किया है। इस कार्यक्रम में जिला महामंत्री अमित राजपूत, उपाध्यक्ष शुभम चिंचोलकर, सौरभ चटर्जी, तुषार देवांगन, प्रवीण यादव, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, अर्पणा मुखर्जी, नितेश सिंह, अखिलेश सिंह, सिद्धार्थ रावत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *