कोरबा। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुंदेली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ग्रामीण ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पत्नी का कटा हुआ सिर हाथ में लेकर गांव में घूमता रहा, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान छेक बाई के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अजगरबहार क्षेत्र के ग्राम हरदीमाड़ा की निवासी थी। वह पिछले 3-4 वर्षों से अपने पति सालिक राम यादव के साथ बुंदेली गांव में रहकर एक पोल्ट्री फार्म में काम कर रही थी।
बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी ने धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने क्रूरता की हद पार करते हुए पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया और उसे लेकर गांव में घूमने लगा।आरोपी के इस भयावह कृत्य को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।