मुख्यमंत्री से नाराजगी के बाद हुई भेंट, साहू समाज के सामूहिक विवाह समारोह में 20 अप्रैल को शामिल होंगे विष्णु देव साय…

पाटन। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अब 20 अप्रैल को ग्राम अमलेश्वर डीह में आयोजित तहसील साहू संघ पाटन के कर्मा महोत्सव एवं सामूहिक आदर्श विवाह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह निर्णय तब आया जब साहू समाज द्वारा मुख्यमंत्री से मुलाकात न होने पर नाराजगी जाहिर की गई थी।

गौरतलब है कि तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष दिनेश साहू ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर समाज की भावनाएं प्रकट की थीं। उन्होंने बताया कि समाज विगत एक माह से मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन मुलाकात संभव नहीं हो पाई। इसके चलते समाज में नाराजगी का माहौल बन गया था। विभिन्न समाचार माध्यमों और वेब पोर्टल्स पर यह मामला सुर्खियों में आने के बाद मुख्यमंत्री ने सोमवार को सामाजिक पदाधिकारियों को मिलने का समय दिया। मंगलवार रात 11 बजे सौजन्य भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सम्मिलित होने की सहमति दी और समाज की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।यह मुलाकात समाज और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इस अवसर पर महासचिव खेमलाल साहू, मीडिया प्रभारी किशन हिरवानी, युवा प्रकोष्ठ सहसंयोजक सुरेंद्र साहू, परिक्षेत्रीय अध्यक्ष हरिशंकर साहू, न्याय प्रकोष्ठ सदस्य रामाधार साहू और उपाध्यक्ष सुकदेव साहू सहित कई समाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *