“मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू ! दुर्ग कलेक्टर सिंह ने कहा- घर-घर जाकर बीएलओ करेंगे गणना, 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित होगी अंतिम सूची”

“मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू ! दुर्ग कलेक्टर सिंह ने कहा- घर-घर जाकर बीएलओ करेंगे गणना, 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित होगी अंतिम सूची”

दुर्ग। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरित करेंगे और उनसे जानकारी एकत्र कर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) को प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति करेगा, जो बीएलओ के साथ मिलकर गणना एवं सत्यापन कार्य में सहयोग देंगे। एक बीएलए प्रतिदिन 50 गणना प्रपत्रों का सत्यापन कर बीएलओ को लौटाएगा।

राजनीतिक दलों और जनसहयोग से बढ़ेगी जागरूकता
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मतदाता जागरूकता हेतु विशेष प्रचार अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए एनएसएस, एनसीसी, आजीविका दीदी, मितानिन, सचिव और किसान मित्रों की सहायता ली जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे गणना के दौरान बीएलओ को आवश्यक दस्तावेज प्रदान करें ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध बनाई जा सके।

ईआरओ और एईआरओ की भूमिका
कलेक्टर ने बताया कि जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) नियुक्त किए गए हैं—पाटन (62) – एसडीएम पाटन, लवकेश ध्रुव,दुर्ग ग्रामीण (63) – एसडीएम दुर्ग, हरवंश सिंह मिरी,दुर्ग शहर (64) – अपर कलेक्टर, अभिषेक अग्रवाल,भिलाई नगर (65) – अपर कलेक्टर, श्रीमती योगिता देवांगन,वैशाली नगर (66) – संयुक्त कलेक्टर, श्रीमती सिल्ली थॉसम,अहिवारा (67) – एसडीएम धमधा, सोनाल डेविड,ये सभी अधिकारी गणना प्रपत्रों की जांच, सुनवाई और अंतिम पंजीयन का कार्य करेंगे।

कंट्रोल रूम और शिकायत निवारण सुविधा
कलेक्टर ने बताया कि जिले में 1950 नंबर पर कंट्रोल रूम/हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। मतदाता किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही सभी तहसीलों में भी कंट्रोल रूम बनाए जा रहे हैं।

अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को जारी होगी
सभी दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा। राजनीतिक दलों को सूची की प्रति नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रेस वार्ता में रहे उपस्थित
प्रेस वार्ता में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर योगिता देवांगन, एसडीएम भिलाई हितेश पिस्दा, एसडीएम दुर्ग शहर उत्तम ध्रुव सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा—विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य है — हर पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना और किसी अपात्र को बाहर रखना। यह कार्य तभी सफल होगा जब इसमें जनता का सहयोग मिलेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *