खाद-बीज संकट और आवास से वंचित हितग्राहियों के समर्थन में 18 जून को जल सत्याग्रह, किसानों की बैठक सम्पन्न

खाद-बीज संकट और आवास से वंचित हितग्राहियों के समर्थन में 18 जून को जल सत्याग्रह, किसानों की बैठक सम्पन्न

पाटन। खाद एवं बीज की कमी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित हितग्राहियों की समस्याओं को लेकर 18 जून को प्रस्तावित जल सत्याग्रह को सफल बनाने के लिए किसानों और आवास हितग्राहियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और किसानों ने हिस्सा लेकर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की।
बैठक में बताया गया कि पाटन विकासखंड की 35 सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को खाद एवं बीज वितरित किया जाता है, लेकिन इस वर्ष खाद की भारी कमी के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई किसानों को खाद प्राप्त करने के लिए दो से तीन बार समितियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, वहीं कई समितियों में किसान सुबह चार बजे से ऋण पुस्तिका लेकर लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

जनकल्याण समिति के अध्यक्ष युगल किशोर आडिल ने कहा कि खेती के शुरुआती दौर में डीएपी खाद की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, लेकिन इसकी उपलब्धता बेहद कम है। उन्होंने कहा कि समय पर खाद नहीं मिलने से कृषि उत्पादन प्रभावित हो सकता है, जबकि किसानों की आजीविका पूरी तरह खेती पर निर्भर है।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कई पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृत होने के बाद नोडल अधिकारियों द्वारा उन्हें अपात्र घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में हितग्राही जिला पंचायत सीईओ, अतिरिक्त कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारियों से कई बार मिल चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।

इन्हीं मांगों को लेकर 18 जून, गुरुवार को सुबह 9 बजे शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद लक्ष्मी सागर तालाब में जल सत्याग्रह शुरू किया जाएगा। आंदोलनकारियों ने बताया कि इसकी सूचना शासन-प्रशासन को दे दी गई है। जल सत्याग्रह में कुर्मी गुंडरा सहित आसपास के कई गांवों के किसान और हितग्राही शामिल होंगे। बैठक में महेश साहू, रुपनारायण वर्मा, मुकेश वर्मा, तरुण साहू, कृष्णा साहू, राजेश साहू, परमानंद पटेल, चंद्रहास यादव, बीरेंद्र साहू, रोहित सेन, भागवत सेन, आशाराम वर्मा, कामिनी ठाकुर, पंचदेव साहू, किशोर चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *