‘समाज जब बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी लेता है, तब नई पीढ़ी आत्मविश्वास से आगे बढ़ती है’ – पारागांव में चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज के वार्षिक अधिवेशन में बोले सीएम साय

दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जब समाज स्वयं अपने बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाता है, तब नई पीढ़ी अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ती है। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और शिक्षा के प्रति जागरूकता ही भविष्य को मजबूत बनाती है। मुख्यमंत्री सोमवार को रायपुर जिले के पारागांव में आयोजित चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज के दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने पारागांव में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपए और सीसी रोड निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और इस समाज ने देश और प्रदेश को कई प्रतिभाशाली व्यक्तित्व दिए हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभावान लोगों को सम्मानित भी किया। इनमें सिविल जज में चयनित दीपक चंद्राकर, पीएससी में चयनित लक्ष्मी चंद्राकर, एनआईटी रायपुर के कंप्यूटर एंड साइंस विभाग की एचओडी डॉ. प्रीतिकरण चंद्राकर, आईआईटी दिल्ली से पीएचडी डॉ. करण चंद्राकर, इंडो-नेपाल टेस्ट सीरीज बॉल बैडमिंटन में गोल्ड मेडलिस्ट लक्ष्मी चंद्राकर, डॉ. दिव्या चंद्राकर और डॉ. राहुल चंद्राकर शामिल रहे। कार्यक्रम को केबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और योगेश्वर राजू सिन्हा ने भी संबोधित किया। अधिवेशन में समाज के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *